संरक्षण अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा के प्रवेश पत्र 12 नवंबर को अपलोड होंगे
अजमेर, 05 नवंबर(हि.सं.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा संरक्षण अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) प्रतियोगी परीक्षा- 2025 का आयोजन 15 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षांतर्गत प्रातः 9 से 12 बजे तक प्रश्न-पत्र प्रथम (जनरल स्टडीज) एवं दोपहर 2.30 से सांय 5.30 बजे तक प्रश्न-पत्र द्वितीय (सोशल वर्क, लॉ) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। उक्त परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न-पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
अभ्यर्थी उक्त परीक्षा के लिए आवंटित परीक्षा जिला की जानकारी 8 नवंबर 2026 से एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर प्राप्त कर सकेंगे। प्रवेश पत्र 12 नवंबर 2026 को आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थी समयांतर्गत प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
सचिव ने बताया कि प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है।
परीक्षा केन्द्र पर किसी भी परीक्षार्थी को प्रत्येक परीक्षा सत्र में परीक्षा प्रारंभ होने के 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके पश्चात् किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अतः अभ्यर्थी परीक्षा दिवस को परीक्षा प्रारंभ होने से नियत समय पूर्व परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए उपस्थित हों ताकि सुरक्षा जांच एवं पहचान का कार्य समय पर पूर्ण हो सके।
अभ्यर्थियों को पहचान हेतु परीक्षा केंद्र पर अद्यतन, नवीनतम मूल रंगीन आधार कार्ड लेकर उपस्थित होना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष