डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यात्रियों को टिकट बुकिंग में होगी सीधी बचत
काेटा, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक सुविधा, पारदर्शिता एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित रेल टिकट बुकिंग पर अब सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर 3 प्रतिशत लाभ की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में भी यह सुविधा प्रायोगिक रूप से 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक लागू की गई है, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में सीधी बचत का लाभ मिल सकेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अब तक रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करने पर ही 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा मिलती थी, किन्तु यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस लाभ को अब सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों तक विस्तारित किया गया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत यदि यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा अन्य स्वीकृत डिजिटल माध्यमों से भुगतान करते हैं, तो उन्हें टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत का लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि यह पहल विशेष रूप से दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों, उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों तथा अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे यात्रियों को काउंटर पर लंबी कतारों से मुक्ति मिलने के साथ-साथ कैशलेस लेन-देन को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेलवन ऐप, जिसे सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स द्वारा विकसित किया गया है, एकीकृत सुपर ऐप के रूप में विभिन्न यात्री सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है। यात्री इस ऐप को प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से डाउनलोड कर आसानी से लॉग इन कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट, आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन एवं स्टेशन से जुड़ी जानकारी, शिकायत निवारण सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे अधिक से अधिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए रेलवन ऐप के जरिए टिकट बुकिंग करें और इस सुविधा का लाभ उठाएं। यह पहल यात्रियों के समय एवं धन की बचत के साथ-साथ रेलवे सेवाओं को और अधिक आधुनिक, सरल एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव