स्वयंसिद्धा महिला उद्यमिता प्रोत्साहन मेला व सावन उत्सव 25 से
जोधपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। लघु उद्योग भारती महिला इकाई, जोधपुर की ओर से महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ‘स्वयंसिद्धा’ महिला उद्यमिता प्रोत्साहन मेला एवं प्रदर्शनी (सावन उत्सव) का मंगलवार को बैनर विमोचन किया गया। यह मेला 25 एवं 26 जुलाई को लघु उद्योग भारती भवन सभागार में आयोजित होगा।
महिला इकाई अध्यक्ष मोना हरवानी ने बताया कि मेले का शुभारंभ 25 जुलाई को सुबह 10.30 बजे जिला कलक्टर आलोक रंजन के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती के निवर्तमान अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा करेंगे, जबकि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) शालिनी राज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
उन्होंने बताया कि मेले में 40 से अधिक स्टॉल लगाई जाएगी, जिनमें हस्तशिल्प, वस्त्र, स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद, खाद्य सामग्री, गृह सज्जा तथा घरेलू उद्योगों से जुड़े विविध उत्पाद प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। महिलाओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं हस्तनिर्मित राखियों की विशेष स्टॉल इस बार मेले का प्रमुख आकर्षण होंगी, जो सावन और रक्षाबंधन के उत्सवी माहौल को और भी रंगीन बनाएंगी।
मेले के अंतर्गत 25 जुलाई को सायं 5.30 से 6.30 बजे तक राखी निर्माण प्रतियोगिता तथा 26 जुलाई को थाली सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी समन्वयक गौरी अरोड़ा से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। बैनर विमोचन कार्यक्रम में सचिव कंचन लोहिया, कोषाध्यक्ष शिल्पा अग्रवाल, उपाध्यक्ष नलिनी बंसल सहित ममता लोहिया, निधि सिंह, मीनाक्षी हर्ष, प्रेमवती, ममता मनानी, ज्योति प्रजापति, रेखा जैन, रीतु गहलोत, चन्द्रा मित्तल, सुमन सेठिया, शफीका सहित महिला इकाई की अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। अंत में सचिव कंचन लोहिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश