प्रो. गुप्ता ने आयुर्वेद विवि में कुलसचिव का कार्यभार संभाला
जोधपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में प्रोफेसर गोविंद प्रसाद गुप्ता ने कुलसचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में उन्हें विश्वविद्यालय का कुलसचिव नियुक्त किया गया।
प्रोफेसर गुप्ता वर्तमान में स्नातकोत्तर आयुर्वेद संस्थान जोधपुर के रोग निदान एवं विकृति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपने दीर्घ शैक्षणिक अनुभव, प्रशासनिक दक्षता एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण उन्हें विश्वविद्यालय के कुलसचिव जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व का कार्य सौंपा गया है।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रोफेसर गोविंद प्रसाद गुप्ता का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व एवं प्रशासनिक अनुभव से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक, शैक्षणिक तथा अनुसंधान संबंधी गतिविधियों को नई दिशा एवं गति प्राप्त होगी। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य)गोविंद सहाय शुक्ल ने कहा कि वे विश्वविद्यालय की गरिमा, पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण प्रशासन तथा विद्यार्थी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश