घर से नाराज होकर कोटा पहुंची 15 वर्षीय बालिका
काेटा, 23 जुलाई (हि.स.)। कोटा रेल मंडल की आरपीएफ पोस्ट कोटा ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत सतर्कता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर बाल कल्याण समिति चाइल्डलाइन कोटा के सुपुर्द किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेल मदद के माध्यम से आरपीएफ कण्ट्रोल कोटा को सूचना प्राप्त हुई कि गुना, मध्यप्रदेश निवासी रामकृष्ण की पुत्री घर से नाराज होकर कोटा आ गई है तथा स्टेशन पर मौजूद है। सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायक उप निरीक्षक- एस.के. बघेल मय आरक्षक सोनवीर सिंह द्वारा कोटा स्टेशन पर सघन तलाशी की गई, जिसमें प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर एक नाबालिग बालिका बैठी हुई मिली।
बालिका को पोस्ट लाकर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नंदिनी उर्फ नित्या, आयु 15 वर्ष, पुत्री रामकृष्ण, निवासी गुना (मध्यप्रदेश) बताया तथा घर से नाराज होकर आना स्वीकार किया। बालिका को महिला आरक्षक अनिता मीना की देखरेख में सुरक्षित रखा गया एवं उसके परिजनों को सूचना दी गई। साथ ही चाइल्डलाइन हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी सूचना दी गई।
सूचना पर चाइल्डलाइन कोटा की केस वर्कर जागृति आहूजा एवं सहायक रितेश महावर आरपीएफ पोस्ट कोटा पहुंचे, जहां बालिका को पूर्णतः सुरक्षित एवं स्वस्थ हालत में सुपुर्दगीनामे के तहत उनके सुपुर्द किया गया।
आरपीएफ कोटा की इस सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जा सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव