निजी स्कूल में कर्मचारी ने की आत्महत्या, 20 पेज का सुसाइड नोट मिला

 


पाली, 25 जून (हि.स.)। शहर के टैगोर नगर स्थित एक पब्लिक स्कूल में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। स्कूल में कार्यरत राघवेंद्र शर्मा (30) का शव स्कूल परिसर के हॉल में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से 20 पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने स्कूल प्रबंधन और कार्यस्थल से जुड़ी परेशानियों का उल्लेख किया है।

जानकारी के अनुसार राघवेंद्र शर्मा स्कूल में पहले शिक्षक के रूप में कार्यरत था, बाद में उसे कार्यालय कार्य की जिम्मेदारी दी गई थी। वह वर्ष 2017 से स्कूल में कार्यरत था। गुरुवार सुबह उसकी पत्नी साक्षी जब उसे बुलाने स्कूल पहुंची तो परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया। इस पर स्थानीय लोगों को सूचना दी गई और डिस्कॉम को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्कूल के रिकॉर्ड रूम में लगी आग पर काबू पाया। आग से रिकॉर्ड रूम में रखा सामान और सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर जल गया। आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों ने स्कूल के हॉल में राघवेंद्र का शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात राघवेंद्र दोबारा स्कूल पहुंचा था और स्टाफ को बताया था कि वह रात में स्कूल में ही रुकेगा। पुलिस को घटनास्थल से 20 पेज का एक सुसाइड नोट मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इसमें मृतक ने स्कूल की व्यवस्थाओं और प्रबंधन से संबंधित कुछ शिकायतों का उल्लेख किया है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और इसकी सामग्री का सत्यापन किया जा रहा है।

इधर, मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।

मृतक के मामा राकेश ने आरोप लगाया कि घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और शव जिस स्थिति में मिला, उससे हत्या के बाद शव लटकाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

राघवेंद्र चार बहनों का इकलौता भाई था। उसके परिवार में मां, पत्नी, पांच वर्षीय बेटी और तीन वर्षीय पुत्र हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या, आग लगने की घटना और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित