नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाएंगे प्रधानमंत्री: देशभर के युवाओं से करेंगे वर्चुअल संवाद

 




जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत की ओर से आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूक कर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के तहत देशभर के करीब 10 हजार स्थानों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जाएगा, जहां एक करोड़ से अधिक युवा भाग लेंगे। इनमें माय भारत और एनएसएस स्वयंसेवक, युवा मंडल, स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधि तथा 125 से अधिक सहयोगी संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सभी युवा सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ लेंगे और स्वयं नशामुक्त रहने के साथ दूसरों को भी इस जन-अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराएंगे। इसी अवसर पर 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी जन-सहभागिता कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत खेल, फिटनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, माइंडफुलनेस, जन-जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित होंगी।

अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। वहीं, माय भारत पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा नशा मुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कर रहे हैं।

जिला स्तर पर लोकगीत, मूक अभिनय, लघु फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जयपुर जिले में इस कार्यक्रम का आयोजन एस.एस. जैन सुबोध पीजी कॉलेज में प्रस्तावित है।

अभियान के तहत विशेषज्ञों के जागरूकता सत्र, ग्राम सभा आधारित नशा मुक्ति संकल्प, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता कार्यक्रम तथा अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ होगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश