प्रधानमंत्री मोदी का जीवन जनसेवा और राष्ट्रसेवा को समर्पित : मुख्यमंत्री

 


जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का सम्पूर्ण जीवन जनसेवा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को समर्पित रहा है। उनके परिश्रम, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा ने भारत के सामर्थ्य को नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्नेह और मार्गदर्शन में राजस्थान विकास की नई राह पर अग्रसर है। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, राजस्थान रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसे महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश के विकास को गति दे रहे हैं। जल, ऊर्जा, परिवहन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकसित भारत की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है। विकास की गति गांव से शहर और समाज के अंतिम पायदान तक पहुंची है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साहसिक नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है, रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी सामर्थ्य बढ़ रहा है तथा विश्व में भारत की साख और छवि मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ढाई वर्ष में 1 लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं तथा 1 लाख 20 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 में सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा’ में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे राजस्थान के हर घर, हर गांव और हर शहर में आशीर्वाद का दीपक जलाएं। यह दीपक विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प का प्रतीक बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित