प्राकृतिक सौंदर्य के बीच प्रेस क्लब सदस्यों ने लिया पारिवारिक गोठ का आनंद
जयपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। पिंकसिटी प्रेस क्लब की ओर से रविवार को श्री खोले के हनुमान मंदिर परिसर में पारिवारिक गोठ का आयोजन किया गया। इसमें 1150 से अधिक क्लब सदस्य और उनके परिजन शामिल हुए। हरियाली और पहाड़ी वादियों के बीच आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने हनुमानजी के दर्शन किए और परिवार के साथ समय बिताया।
क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा और महासचिव राजकुमार शर्मा ने बताया कि पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए आयोजित गोठ में मां अन्नपूर्णा एवं वैष्णो देवी मंदिर तक रोपवे यात्रा की विशेष व्यवस्था की गई। बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक ने रोपवे से प्राकृतिक वादियों का आनंद लिया।
इस कार्यक्रम में खोले के हनुमान मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री बीएम शर्मा, क्लब कोषाध्यक्ष नमोनारायण अवस्थी, उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह राजावत, कार्यकारिणी सदस्य अनिता शर्मा, निखलेश शर्मा, छगनलाल शर्मा, ज्ञानेंद्र मिश्रा और उमंग माथुर सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। क्लब के संस्थापक सदस्य प्रवीण चंद्र छाबड़ा और जगदीश शर्मा सहित पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार भी शामिल हुए।
क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा ने कहा कि क्लब की गतिविधियों को पारिवारिक माहौल से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रबंधन कार्यकारिणी पत्रकार हित और सदस्यों की सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयोजन में शामिल सभी सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश