मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित मेघासर दौरे को लेकर तैयारियां तेज

 


बीकानेर, 08 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को मेघासर गांव में प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आज मेघासर पहुंचकर प्रस्तावित जनसभा स्थल एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगमन को लेकर मेघासर ग्राम सहित पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री मेघासर में ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होंगे, जो क्षेत्र के लिए गौरव और ऐतिहासिक अवसर है। कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।

कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मेघासर ग्राम में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की जनसभा ऐतिहासिक होगी। क्षेत्रवासी मुख्यमंत्री का स्वागत करने और उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला साबित होगा तथा आमजन में इसे लेकर विशेष उत्साह है।

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता महावीर सिंह चारण, आसकरण उपाध्याय, नथमल उपाध्याय, जय सिंह भाटी, जेठमल भेलू, सरपंच पवन जोशी, मगेज सिंह भाटी, मोहन उपाध्याय, हरि उपाध्याय सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव