ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट–2026 की तैयारियां तेज
जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने वाले बहुप्रतीक्षित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 के आयोजन को लेकर बुधवार को पंत कृषि भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने की।
बैठक में 10 अप्रैल को प्रस्तावित कर्टन रेज़र कार्यक्रम और देशभर में आयोजित होने वाले रोड शो की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
राजपाल ने कहा कि “ग्राम–2026” राजस्थान में कृषि नवाचार, अत्याधुनिक तकनीकों और बड़े निवेश को आकर्षित करने का ऐतिहासिक अवसर है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और प्रदेश की वैश्विक पहचान मजबूत होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आयोजन को जनभागीदारी से जोड़कर व्यापक स्वरूप दिया जा सके। साथ ही सभी समितियों को सौंपे गए दायित्वों के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाला यह आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कृषि क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाएगा। इसमें कृषि से जुड़े 13 विभाग भाग लेंगे, जिससे किसानों और पशुपालकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन में 75 हजार से अधिक किसानों, 250 से अधिक प्रदर्शकों और भारत सहित विदेशों की 100 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की संभावना है।
साथ ही दक्षिण एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और उत्तर-दक्षिण अमेरिका के देशों के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी अपेक्षित है।
निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, छह मई को हैदराबाद और आठ मई को पुणे में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। इन रोड शो के माध्यम से एग्रीटेक कंपनियों, स्टार्टअप्स और शोध संस्थानों को राजस्थान के कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा।
ग्राम–2026 के तहत तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं, आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, स्मार्ट फार्म एवं पशु प्रदर्शनी, बी2बी और बी2जी बैठकें तथा निवेश संवाद जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो राजस्थान को एग्रीटेक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
बैठक में आयुक्त उद्यानिकी श्वेता चौहान, निदेशक कृषि विपणन राजेश कुमार चौहान सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित