प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आंधी-बारिश से राजस्थान में गर्मी ढीली

 


जयपुर, 14 जून (हि.स.)। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया, जबकि कई जिलों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर गया।

मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि जैसलमेर को छोड़कर शेष सभी जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) को अरब सागर से पर्याप्त नमी मिल रही है। इसी कारण प्रदेश में तेज हवाएं, घने बादल और बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। शुक्रवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार तक कई जिलों में जारी रहा। सीकर में करीब तीन इंच बारिश हुई, जबकि चूरू में लगभग एक इंच और जयपुर में आधा इंच वर्षा हुई।

भीलवाड़ा में शनिवार रात आई तेज आंधी और बारिश से कई स्थानों पर दुकानों के बोर्ड गिर गए तथा देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बारिश और ओलावृष्टि के असर से प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ गई। पिलानी, सीकर, चूरू, बीकानेर और जयपुर समेत कई शहरों में पारा 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। जयपुर, करौली, झुंझुनूं, सिरोही, फतेहपुर, सीकर, पिलानी और अलवर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से भी कम मापा गया।

लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हुई बारिश ने आमजन को राहत पहुंचाई है। वहीं किसानों को भी खेतों में नमी मिलने से फायदा होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में नहीं जाने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित