प्रजापति कुम्हार समाज ने महापंचायत में किया शक्ति प्रदर्शन
जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही कई समाज सक्रिय हो गए है। वे अब शक्ति प्रदर्शन कर राजनीतिक दलों को अपनी चुनावी ताकत का अहसास करवा रहे है। साथ ही चुनाव में अधिकाधिक प्रतिनिधित्व देने की मांग कर रहे है। शहर में श्री प्रजापति कुम्हार समाज युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में बुधवार को रावण का चबूतरा मैदान में समाज की महापंचायत का आयोजन हुआ। इस महापंचायत में जोधपुर शहर और आसपास के स्थानों से हजारों की संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। महापंचायत के बहाने समाज ने राजनीतिक पार्टियों को अपनी ताकत दिखाई।
महापंचायत के संयोजक और श्री प्रजापति कुम्हार समाज युवा शक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण प्रजापत ने बताया कि महापंचायत में राजनीति में समाज की भागीदारी को लेकर ठोस निर्णय लिए गए। सम्मेलन के जरिए राजनीतिक दलों से चुनाव में समाज को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व देने, प्रजापति समाज के लोगों को टिकट देने और सम्मेलन में शामिल संतों ने शिक्षा संस्कारों पर जोर दिया। समाज के लोगों ने राजनीतिक पार्टियों से इस बार के विधानसभा और लोकसभा चुनाव में समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की। इसके अलावा माटी कला बोर्ड का नाम बदलकर श्रीयादे माता बोर्ड करने, ओबीसी आरक्षण का सही से वर्गीकरण करने समेत कई मांगें रखी। कार्यक्रम के शुरुआत में मंच पर संतों ने संबोधित किया। गुजरात से आई साध्वी गोपाल सरस्वती ने कहा कि आज के समय में हम वैदिक संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। हमें वेदों की ओर लौटना होगा। पुराने समय में गुरुकुल पद्धति थी। उसे समय छोटा बच्चा भी जनेऊ पहन कर वेद मित्रों का उच्चारण करता था।
हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप