राजस्थान में प्रधानमंत्री जन धन योजना ने बदली तस्वीर, 3.85 करोड़ से अधिक खाते; जमा राशि में देश में चौथा स्थान

 


जयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से राजस्थान वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

वित्त मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक 3 करोड़ 85 लाख 84 हजार से अधिक जन धन खाते खोले जा चुके हैं। इन खातों में 24,610 करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि है, जिसके साथ राजस्थान जमा राशि के मामले में देशभर में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

योजना के तहत महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है। प्रदेश में 2 करोड़ 19 लाख से अधिक महिलाओं के जन धन खाते खोले गए हैं, जो कुल खातों का 57 प्रतिशत है। यह राष्ट्रीय औसत 56 प्रतिशत से भी अधिक है।

इन खातों के माध्यम से महिलाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

अगस्त 2014 में शुरू हुई इस योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश में जन धन खातों में लगातार बढ़ती जमा राशि लाभार्थियों के बैंकिंग व्यवस्था पर बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

डिजिटल भुगतान को भी योजना से नई मजबूती मिली है।

राजस्थान में जन धन खाताधारकों को 2 करोड़ 87 लाख 65 हजार से अधिक रुपे डेबिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। खाताधारकों को जीरो बैलेंस खाता, 10 हजार रुपये तक की ओवरड्राफ्ट सुविधा, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) तथा 28 अगस्त 2018 के बाद खोले गए खातों पर 2 लाख रुपये तक की दुर्घटना बीमा सुरक्षा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचने के साथ वित्तीय पारदर्शिता और सेवा वितरण को भी मजबूती मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित