राजस्थान में चार मई को तेज आंधी-बारिश की संभावना, पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

 


जयपुर, 03 मई (हि.स.)। प्रदेश में एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 4 मई को बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं 50 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार देर रात आए अंधड़ और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे आमजन को गर्मी से राहत मिली है। रविवार को प्रदेश के छह शहरों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के पार रहा। फलौदी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम 31.2 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के विभिन्न भागों में मेघगर्जन, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच है, जो सामान्य के आसपास है। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक राज्य के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 मई को इन गतिविधियों में और तेजी आ सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे रहने और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है।

इस बीच जयपुर में शनिवार रात तेज अंधड़ के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने, टीन शेड, होर्डिंग और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं सामने आईं। रविवार को भी शहर में आंशिक बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 38.3 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 5.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को जयपुर में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश