उत्तर पश्चिम राजस्थान में 23 से सक्रिय हाेगा नया पश्चिम विक्षाेभ,बारिश की संभावना
जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स। प्रदेश में बार फिर पश्चिम विक्षाेभ सक्रिय हाेगा। इससे उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में 23 से माैसम बदलेगा और हल्की से मध्यम बारिश हाे सकती है। शनिवार काे भी प्रदेश के कुछ हिस्साें में हल्की बारिश हुई। जयपुर में हल्के बादल छाए रहे और धूप खिलने के साथ हवाएं चली। धूप खिलने और बादल छाने से उमस भरी गर्मी महसूस की गई। 18 अक्टूबर काे जयपुर और काेटा संभाग के कुछ हिस्साें में बारिश हाे सकती है। इसके बाद माैसम शुष्क रहेगा। इससे पारे में गिरावट आएगी।
माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश दूदू, जयपुर में 36 मिमी दर्ज कीगई।
शनिवार काे भी पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किमी प्रतिघंटा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां 18 अक्टूबर को भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 19 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर भागों में आगामी 5-6 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23-24 अक्टूबर को सक्रिय होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश