खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने के लिए पोर्टल खुला
जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के नाम जोड़ने के लिए वर्तमान में पोर्टल खुला हुआ है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति योजना के लिए पात्र है, वह आवेदन कर अपना नाम खाद्य सुरक्षा योजना में जुड़वा सकता है।
प्रश्नकाल के दौरान सदस्य रफीक खान द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री रावत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री की ओर से सदन में जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि जयपुर शहर में 26 फरवरी 2026 तक खाद्य सुरक्षा योजना के तहत कुल 1 लाख 36 हजार 977 राशन कार्डधारी पंजीकृत हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से “गिव अप अभियान” चलाया गया था। इसके तहत योजना के सक्षम लाभार्थियों ने स्वेच्छा से अपने नाम खाद्य सुरक्षा योजना से हटवाए हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित लाभार्थियों के लिए तीन माह के भीतर ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लाभार्थियों ने समय पर ई-केवाईसी नहीं करवाई, उनके नाम योजना से हटा दिए गए हैं।
इससे पहले विधायक रफीक खान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री रावत ने बताया कि जयपुर शहर में एक फरवरी 2024 से 26 फरवरी 2026 तक खाद्य सुरक्षा योजना में कुल 84 हजार 574 नए नाम जोड़े गए हैं, जबकि एक लाख 27 हजार 286 नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए हैं। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार इसका संख्यात्मक विवरण भी सदन के पटल पर रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित