नगरीय निकाय आम चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान के लिए गुरूवार को होंगे मतदान दल रवाना

 




जयपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितम्बर 2026 को प्रातः 7 बजे से सांय 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी 10 सितम्बर गुरूवार को दो पारियों में प्रातः 7ः00 बजे एवं प्रातः 11ः00 बजे से की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक द्वारा मतदान दलों की रवानगी, प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री वितरण की व्यवस्था को सरल एवं सुगम बनाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर से मतदान दल रवाना होंगे।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में कुल 2,256 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 2,204 मुख्य मतदान केन्द्र तथा 52 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। इन मतदान केन्द्रों पर कुल 24,18,264 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 12,56,187 पुरुष, 11,61,986 महिला तथा 91 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान केन्द्रों के लिए कुल 827 मतदान भवन निर्धारित किए गए हैं।

निर्वाचन क्षेत्रवार देखें तो विद्याधर नगर में 22 वार्डों के लिए 298 मतदान केन्द्रों पर 3,59,546 मतदाता, झोटवाड़ा में 15 वार्डों के लिए 243 मतदान केन्द्रों पर 2,42,645 मतदाता, सांगानेर में 21 वार्डों के लिए 329 मतदान केन्द्रों पर 3,66,775 मतदाता तथा बगरू में 14 वार्डों के लिए 264 मतदान केन्द्रों पर 2,62,457 मतदाता मतदान करेंगे।

इसी प्रकार मालवीय नगर में 15 वार्डों के लिए 192 मतदान केन्द्रों पर 1,99,530 मतदाता, सिविल लाइन्स में 16 वार्डों के लिए 234 मतदान केन्द्रों पर 2,44,853 मतदाता, किशनपोल में 12 वार्डों के लिए 176 मतदान केन्द्रों पर 1,94,478 मतदाता, आदर्श नगर में 17 वार्डों के लिए 237 मतदान केन्द्रों पर 2,35,822 मतदाता, हवामहल में 15 वार्डों के लिए 241 मतदान केन्द्रों पर 2,64,605 मतदाता तथा आमेर में 3 वार्डों के लिए 42 मतदान केन्द्रों पर 47,553 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रथम पारी में प्रातः 7ः00 बजे बगरू, सांगानेर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा एवं हवामहल निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दलों की रवानगी की जाएगी। वहीं द्वितीय पारी में प्रातः 11ः00 बजे मालवीय नगर, आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइन्स एवं आमेर निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दल रवाना होंगे।

मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री वितरण के लिए कुल पांच टेस्ट/प्रशिक्षण केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। बगरू एवं मालवीय नगर के लिए टेस्ट क्रमांक 1, सांगानेर एवं आदर्श नगर के लिए टेस्ट क्रमांक 2, विद्याधर नगर एवं किशनपोल के लिए टेस्ट क्रमांक 3, झोटवाड़ा एवं सिविल लाइन्स के लिए टेस्ट क्रमांक 4 तथा हवामहल एवं आमेर के लिए टेस्ट क्रमांक 5 निर्धारित किया गया है।

मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग की भी पृथक व्यवस्था की गई है। बगरू के लिए वाहन पार्किंग नम्बर 4, मालवीय नगर के लिए पार्किंग नम्बर 3, सांगानेर के लिए पार्किंग नम्बर 2 तथा आदर्श नगर के लिए पार्किंग नम्बर 3 निर्धारित की गई है। विद्याधर नगर, किशनपोल, झोटवाड़ा, सिविल लाइन्स, हवामहल एवं आमेर के मतदान दलों के लिए वाहन पार्किंग नम्बर 1, आई.टी.आई. कॉलेज के सामने निर्धारित की गई है।

निर्धारित स्थल पर मतदान दलों के बैठने, प्रशिक्षण तथा चुनाव सामग्री प्राप्त करने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। चुनाव सामग्री वितरण के लिए संबंधित प्रकोष्ठों एवं ईआरओ/आरओ स्टाफ की तैनाती की गई है। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा सामग्री प्राप्त करने के बाद संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान दलों की रवानगी के दौरान प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश