लापता बेटी की बरामदगी और पुलिस लाठीचार्ज पर गरमाई राजनीति, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया ने दी आंदोलन की चेतावनी

 


चूरु, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के सादुलपुर में हमीरवास पुलिस थाना क्षेत्र के कानावासी गांव की लापता बेटी की बरामदगी और हमीरवास थाने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस के बर्बर लाठीचार्ज का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व विधायक पदमश्री डॉ. कृष्णा पूनिया ने पुलिस के रवैये को तानाशाहीपूर्ण और निंदनीय बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है और प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है।

डॉ. पूनिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस का यह रवैया किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।

कानावासी गांव की लापता बेटी को बिना किसी देरी के तुरंत और सुरक्षित बरामद किया जाए, शांतिपूर्ण धरना दे रहे निर्दोष ग्रामीणों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अपने हक की आवाज उठा रहे निर्दोष लोगों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं।

डॉ. पूनिया ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, लाठीचार्ज की घटना की न्यायिक जांच नहीं होती और निर्दोष लोगों को निशाना बनाकर गिरफ्तार किया जाता है, तो कांग्रेस पार्टी को आंदोलनात्मक कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने साफ किया कि इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

पूनिया यह भी दोहराया कि हमारा यह जन-संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस बयान से स्पष्ट है कि यह मामला आने वाले दिनों में और गरमा सकता है और क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ सकती है। इससे पहले वे हमीरवास पुलिस थाने के आगे धरने पर बैठ गयीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव