पुलिस दूरसंचार के 110 कार्मिकों को मिलेगा सम्मान
जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। पुलिस दूरसंचार विभाग के जांबाज अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा को सराहने के लिए सोमवार प्रातः 7:30 बजे एक भव्य पदक वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जयपुर के घाट गेट स्थित पुलिस दूरसंचार लाइन में आयोजित होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम में विभाग के 110 कार्मिकों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था संजय अग्रवाल होंगे। उनके साथ अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएँ वी.के. सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहकर कार्मिकों का उत्साहवर्धन करेंगे।
समारोह के दौरान कुल 110 पुलिस दूरसंचार कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 31 कार्मिकों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, 38 को उत्कृष्ट सेवा पदक, 7 को डीजीपी डिस्क, 3 को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, 9 को अति उत्तम सेवा चिन्ह तथा 22 कार्मिकों को उत्तम सेवा चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
विशेष बात यह है कि इन सम्मानित होने वाले कार्मिकों में कुछ सेवानिवृत्त कार्मिक भी शामिल हैं, जिन्हें इस अवसर पर विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन न केवल सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि पुलिस दूरसंचार विभाग की समर्पित कार्यशैली को भी सम्मानित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश