मदद के लिए महिलाएं हेल्पलाइन नंबरों 1090 एवं 112 पर करें संपर्क

 


धौलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। महिलाओं को कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी देने के लिए जिले में राजस्थान पुलिस का सुरक्षा सखी अभियान आयोजित किया जा रहा है। आगामी 15 मार्च तक चलने वाले अभियान में सुरक्षा सखी महिलाओं को घर-घर जाकर महिलाओं को कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दे रहीं हैं।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय राजस्थान द्वारा एक से 15 मार्च के बीच में ''सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा'' मनाया जा रहा है। यह 15 दिवसीय अभियान सुरक्षा सखियों के माध्यम से घर-घर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112) और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के लिए शुरू किया गया है। इस विशेष अभियान का लक्ष्य पुलिस और महिलाओं के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना है। पुलिस का मानना है कि महिलाओं की सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब वे पुलिस को अपना सच्चा साथी समझें और बिना किसी झिझक अपनी समस्याएँ साझा करें। अभियान के तहत 15 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएँ और बालिकाएँ जुड़ सकती हैं। इस अभियान के अन्तर्गत जिले में पुलिस के तत्वावधान में ‘सुरक्षा सखी’ घर-घर जाकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दे रही हैं और साथ ही, आपातकालीन सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 1090 और 112 (आपात सेवा) नंबरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल मदद मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप