ड्यूटी के बाद खाकी ने मनाई होली: पुलिस लाइन में गुलाल और पुष्प वर्षा

 








जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। होली और धुलंडी पर लगातार दो दिन तक कानून-व्यवस्था संभालने के बाद राजस्थान पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने बुधवार शाम रिजर्व पुलिस लाइन जयपुर में उत्साह के साथ होली मनाई। जहां डीजीपी से लेकर सिपाही तक सब एक रंग में रंगें नजर आए। जहां अधिकारी और कर्मचारी सभी ने जमकर होली खेली।

रंगों के इस आयोजन में पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा भी जवानों के बीच पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और जवानों का उत्साह बढ़ाया। । इस दौरान एडीजी संजय अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, एडिशनल कमिश्नर (अपराध) मनीष अग्रवाल, एडिशनल कमिश्नर (प्रशासन एवं यातायात) योगेश दाधीच, डीसीपी (उत्तर) करण शर्मा, डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। लंबी ड्यूटी के बाद मिले इस अवसर पर पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार में भाईचारा और उत्साह बढ़ाने का अवसर देते हैं। इससे पूर्व ज्योति नगर थाना परिसर में भी सुबह पुलिसकर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। थाना अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं तथा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्देश जारी किए गए थे कि स्थानीय कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एसपी, रेंज आईजी और पुलिस आयुक्त अपने स्तर पर होली आयोजन का निर्णय लें। इसी के तहत जयपुर सहित विभिन्न जिलों में परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गौरतलब है कि पुलिस बल रविवार सुबह से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा। धुलंडी के दिन और उसके बाद भी शहर की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश