पंचायत चुनाव में भड़काऊ पोस्ट डालने पर होगी कार्रवाई
डूंगरपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर डूंगरपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी तेज कर दी है। चुनावी माहौल बिगाड़ने वाली भड़काऊ पोस्ट, अभद्र टिप्पणियां, धमकी भरे संदेश और फर्जी वीडियो साझा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इसके लिए पुलिस ने माइक्रो-लेवल साइबर सर्विलांस अभियान शुरू किया है। ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और जाति, धर्म या समुदाय के आधार पर तनाव पैदा करने वाली सामग्री साझा करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पुलिस का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस ने व्हाट्सऐप ग्रुप एडमिन को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ग्रुप में आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित होने पर उस पर नजर रखने और आवश्यक होने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। साथ ही बिना पुष्टि किए किसी भी संदेश, वीडियो या अन्य सामग्री को फॉरवर्ड नहीं करने की हिदायत दी गई है।
एसपी ने आमजन से अपील की है कि चुनाव के दौरान प्रत्याशियों, जाति, धर्म और समुदाय को लेकर अभद्र टिप्पणी करने से बचें। किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट या संदिग्ध सामग्री की जानकारी मिलने पर उसका स्क्रीनशॉट लेकर नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें। बिना पुष्टि की खबरें, भड़काऊ संदेश और फर्जी वीडियो साझा करने से बचें, ताकि चुनावी माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष