साइकिल रैली और योग के साथ चित्तौड़गढ़ पुलिस ने दिया फिटनेस का संदेश
चित्तौड़गढ़, 07 जून (हि.स.)। फिट इंडिया मिशन के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा रविवार प्रातः “Sunday on Cycle” कार्यक्रम एवं योग गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह द्वारा हरी झंडी दिखा साइकिल रैली को रवाना कर किया गया। सुभाष चौक से इंदिरा गांधी स्टेडियम तक आयोजित साइकिल रैली तथा स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं एवं आमजन ने भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेष कर युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं नियमित व्यायाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन से ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा साइकिल रैली में सहभागिता कर फिट इंडिया मिशन का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन के साथ साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साइकिल रैली के बाद इंदिरा गांधी स्टेडियम में योग, रोप स्किपिंग एवं अन्य फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लेते हुए स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी आमजन के साथ सहभागिता कर फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। चित्तौड़गढ़ पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों, युवाओं एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल