ग्यारह करोड़ मूल्य का जब्त 66 क्विंटल से ज्यादा मादक पदार्थाें को पुलिस ने किया नष्ट
चित्तौड़गढ़, 29 मई (हि.स.)। जिले के 17 पुलिस थानों में जब्त शुदा डोडा चूरा, गांजा, स्मेक व एमडीएमए को न्यायालय से भौतिक सत्यापन व निर्णय के बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में जिला औषधि व्ययन समिति की और से नष्ट करवाया गया। जिले के शंभूपुरा थाना क्षेत्र में सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट की कीलन में जला कर नष्ट किया गया। पुलिस की और से 66 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा, गांजा, स्मैक व एमडीएमए को नष्ट किया गया। एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार पुलिस द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के पुलिस थानों के मालखाना में एनडीपीएस एक्ट में पकड़े मादक पदार्थों व वाहनों की वजह से लबालब भरे पड़े हुए हैं। माल निस्तारण और थाने को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की नॉन एसआर शाखा ने थानाधिकारियों से माल के निस्तारण के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर, रिकॉर्ड तैयार किया गया था। बाद में सभी थानों से मादक पदार्थ सीमेंट फैक्ट्री मंगवा कर नष्ट करवाया। उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, डीएसपी भदेसर विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, थानाधिकारी शंभूपुरा धर्मराज सहित संबंधित 17 थानों के थानाधिकारी एवं मालखाना प्रभारी व नॉन एसआर शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार एवं कार्यालय के कर्मचारियों आदि की उपस्थिति में आवश्यक रिकॉर्ड मिलान के बाद मादक पदार्थों का वजन किया गया। संबंधित मादक पदार्थ के वजन करने व नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो इसके लिए सम्पूर्ण कार्यवाही की फोटोग्राफी व विडियोग्राफी करवाई गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़, सदर चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, बस्सी, आकोला, मंगलवाड़, रावतभाटा, बेगूं, राशमी, साडास, पारसोली, भूपालसागर, शंभूपुरा, बिजयपुर, कपासन व निकुम्भ के कुल 17 पुलिस थानों में दर्ज कुल 48 प्रकरणों में से 30 प्रकरणों में अवैध मादक पदार्थ 65 क्विंटल 76 किग्रा 537 ग्राम डोडा चूरा, 11 प्रकरणों में 34 किग्रा 748 ग्राम गांजा, 06 प्रकरणों में 996 ग्राम एमडीएमए व 01 प्रकरण में 135 ग्राम स्मैक को पुलिस द्वारा कार्यवाही के दौरान तस्करों के कब्जे से जब्त किया गया था। उक्त सभी 48 प्रकरणों में जब्तशुदा अवैध मादक पदार्थो को जिला औषधि व्ययन समिति चित्तौड़गढ़ द्वारा अल्ट्राटेक सीमेंट के अधिकारियों यूनिट हैड उत्त्तम राय, एचआर हैड नितेश राठी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी धीरेंद्र राठौड़, जनसंपर्क प्रबंधक दीपक भट्ट एवं पर्यावरण विभाग के मिथिलेश बेनीवाल की उपस्थिति में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की कीलन में जला कर नष्ट किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल