बिना हेलमेट और ओवरस्पीडिंग पर चला पुलिस का डंडा
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालिवाल के पर्यवेक्षण में राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस उपायुक्तों की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के तहत ‘बिना हेलमेट नहीं सफर’, ‘चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य’ तथा ‘आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन’ जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अभियान के पहले दिन 2 जुलाई को प्रदेशभर में कुल 18,477 प्रवर्तन कार्रवाइयां की गईं। इनमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 7,104 चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले 5,133 चालकों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले 3,082 वाहन चालकों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों (6-लेन एवं एक्सप्रेस-वे) पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले 3,158 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला दोनों हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश