पुलिस कांस्टेबल भर्ती मामला: रिव्यू बोर्ड में चयनित 41 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 26 मई को

 


जयपुर, 22 मई (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट जयपुर में कांस्टेबल सामान्य ड्यूटी के पदों पर रिव्यू चयन बोर्ड द्वारा अंतिम रूप से चयनित किए गए 41 अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। इन सभी चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण आगामी 26 मई 2026 को सुबह 9 बजे से किया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय जयपुर पुलिस कमिश्नरेट राजेश कावंत ने बताया कि कांस्टेबल सामान्य ड्यूटी के कुल 674 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों में से कई उम्मीदवारों के दस्तावेज सत्यापन व स्वास्थ्य परीक्षण में अनुपस्थित रहने, नियुक्ति के अनिच्छुक होने, अन्यत्र नियोजन, स्वास्थ्य परीक्षण में स्थाई रूप से अयोग्य होने, आपराधिक प्रकरणों में अपात्र पाए जाने और खेल कोटे जैसे विभिन्न कारणों से पद रिक्त रह गए थे। इन रिक्त पदों को भरने के लिए रिव्यू चयन बोर्ड का गठन कर 41 नए अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। इस रिव्यू में चयनित सभी 41 अभ्यर्थियों को 26 मई 2026 को प्रातः 06 रिजर्व पुलिस लाइन चांदपोल जयपुर' में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति, दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और विज्ञप्ति में वर्णित सभी आवश्यक मूल दस्तावेज (एजुकेशन सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास आदि) मय स्व-प्रमाणित प्रतियों के साथ लाने होंगे।

चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के समय एक निर्धारित प्रारूप में इशारे/शपथ-पूर्वक घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इस शपथ-पत्र में अभ्यर्थियों को यह प्रमाणित करना होगा कि पात्रता जांच और दस्तावेज सत्यापन के लिए अपलोड किए गए उनके सभी मूल दस्तावेज पूरी तरह वैध और असली हैं। यदि किसी भी स्तर पर कोई भी दस्तावेज कूटरचित (फर्जी) या तथ्य छुपाया हुआ पाया जाता है, तो राजस्थान पुलिस को संबंधित अभ्यर्थी की पात्रता निरस्त करने और उसके खिलाफ वैधानिक/कानूनी कार्रवाई करने का पूर्ण अधिकार होगा।

पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि 26 मई 2026 को दस्तावेज सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें भविष्य में अन्य कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अनिच्छुक मानते हुए उनकी अभ्यर्थिता/पात्रता स्वतः ही निरस्त कर दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की विस्तृत सूची और विस्तृत निर्देश राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश