प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से युवाओं को मिलेगा रोजगार

 


जोधपुर, 17 जून (हि.स.)। भारत सरकार द्वारा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने, युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोडऩे तथा सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू की गई है। पूर्व में यह योजना रोजगार लिंक्ड इंसेंटिव (ईएलआई) योजना के नाम से जानी जाती थी। योजना में विशेष रूप से विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया है।

योजना के तहत पहली बार नौकरी प्राप्त करने वाले पात्र कर्मचारियों को एक माह के वेतन के बराबर, अधिकतम 15 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में प्रदान की जाएगी। वहीं अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को भी दो वर्षों तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

विनिर्माण क्षेत्र के लिए यह लाभ तीसरे और चौथे वर्ष तक बढ़ाया गया है। करीब 99,446 करोड़ रुपए के परिव्यय वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का लक्ष्य आगामी दो वर्षों में देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार अवसर सृजित करना है। इनमें लगभग 1.92 करोड़ युवा पहली बार औपचारिक कार्यबल का हिस्सा बनेंगे। योजना के लाभ 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित रोजगारों पर लागू होंगे।

योजना के अंतर्गत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में पंजीकृत तथा एक लाख रुपए प्रतिमाह तक वेतन पाने वाले नए कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा। वहीं नियोक्ताओं को प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी पर प्रति माह अधिकतम 3,000 रुपए तक का प्रोत्साहन दो वर्षों तक प्रदान किया जाएगा।

योजना के सफल क्रियान्वयन के उपलक्ष्य में 19 जून को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों को लगभग 22,400 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी।

इसी क्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर द्वारा 19 जून को शाम 4.15 बजे केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) के सभागार में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक अतुल भंसाली एवं देवेन्द्र जोशी उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम में योजना की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को इससे जुडऩे के लिए प्रेरित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश