पीएम स्वनिधि शिविर में 104 स्ट्रीट वेंडर्स के ऋण आवेदन स्वीकृत
जयपुर, 03 जून। नगर निगम जयपुर और बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशेष पीएम स्वनिधि ऋण वितरण शिविर के अंतिम दिन भी स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यवसायियों में योजना के प्रति उत्साह बना रहा। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में आवेदक शिविर स्थल पर पहुंचे।
शिविर के तीसरे और अंतिम दिन 68 स्ट्रीट वेंडर्स ने ऋण के लिए आवेदन किया। बैंक और नगर निगम की टीम ने मौके पर ही दस्तावेजों का सत्यापन एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए 47 आवेदनों को तत्काल स्वीकृति प्रदान की। तीन दिवसीय शिविर के दौरान कुल 104 स्ट्रीट वेंडर्स के ऋण आवेदनों को बैंक द्वारा मंजूरी दी गई, जिससे उन्हें स्वरोजगार को मजबूत करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
नगर निगम जयपुर के आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि नगर निगम और बैंक के बीच बेहतर समन्वय के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। शिविर में ही दस्तावेजों की जांच, सत्यापन और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने से स्ट्रीट वेंडर्स को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है तथा उन्हें समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नगर निगम जयपुर द्वारा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र स्ट्रीट वेंडर को स्वरोजगार और आर्थिक उन्नति का अवसर मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश