प्रधानमंत्री मोदी की बहन बसंतीबेन ने किए श्रीनाथजी के दर्शन

 


राजसमंद, 09 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहन बसंतीबेन मोदी रविवार को अपने पति हसमुखलाल मोदी के साथ नाथद्वारा पहुंचीं। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में राजभोग झांकी के दर्शन किए और प्रभु का आशीर्वाद लिया।

नाथद्वारा पहुंचने पर पुलिस वृत्त निरीक्षक और मंदिर मंडल के राजस्व अधिकारी ने स्थानीय न्यू कॉटेज में उनकी अगवानी की। इसके बाद उन्हें श्रीनाथजी मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने मंदिर की परंपरा के अनुसार राजभोग झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मंदिर परंपरा के अनुसार मोती महल में युवाचार्य विशाल बावा ने बसंतीबेन मोदी और उनके पति का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया तथा श्रीजी का प्रसाद भेंट किया। इस दौरान मंदिर के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने बसंतीबेन और उनके परिवार को श्रीनाथजी की पुष्टि सेवा प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

श्रीनाथजी के दर्शन के दौरान बसंतीबेन मोदी और उनके पति ने मंदिर की परंपराओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली और प्रभु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की धार्मिक परंपराओं के अनुरूप प्रसाद ग्रहण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित