पीएम नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए उम्मीदों का आकाश खोला : रावत
अजमेर, 24 जून(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए उम्मीदों का आकाश खोल दिया है, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने किशनगढ़ एयरपोर्ट परिसर में स्थित एवियाना एविएशन अकैडमी में प्रशिक्षु पायलेट्स से संवाद करते हुए यह बात कही ।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में भारत में जो विकास हुआ है, वह ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में इन विकास कार्यों का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने का काम राजस्थान सरकार कर रही है ।
नरेंद्र मोदी के शासनकाल में किशनगढ़ एयरपोर्ट बनने से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं । आने वाले समय में यह एयरपोर्ट राजस्थान के बड़े एयरपोर्ट में गिना जाएगा । ट्रेनी पायलेट्स ने भी बड़े उत्साह से कहा कि पिछले 12 वर्ष में युवाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुत से काम किए हैं । रावत ने यह भी कहा कि उनके लिए इस अकादमी में आने का एक उद्देश्य यह भी है कि इससे राजस्थान के युवाओं को नए करियर जैसे एयरक्राफ्ट पायलट, के प्रति जागरूक किया जा सके।
इस दौरान रावत ने हवाई जहाज के कॉकपिट में बैठकर जहाज उड़ाने की पूरी प्रक्रिया जानी, इसके साथ ही जहाज के मेंटेनेंस और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की जानकारी भी प्राप्त की ।
किशनगढ़ एयरपोर्ट के निदेशक बीएस मीणा ने हवाई उड़ान संबंधी समस्त प्रक्रिया से रावत को अवगत कराया ।
गौरतलब है कि जुलाई, 2024 में शुरू हुई इस अकादमी में 12 सिंगल इंजन और एक डबल इंजन एयरक्राफ्ट हैं । इस समय 150 कैडेट्स हवाई जहाज उड़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अब तक एक सौ युवा यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना भविष्य उज्जवल कर चुके हैं ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष