अजमेर से प्रदेश को मिलेगी विकास की नई सौगात, 28 को आएंगे पीएम मोदी: मदन राठौड़

 


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अजमेर प्रवास के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर आ रहे हैं। उनका यह दौरा राजस्थान के विकास के लिए ऐतिहासिक सिद्ध होगा, जिसमें कई बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन के साथ युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत सरकार ने पांच साल तक ईआरसीपी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर कोई ठोस काम नहीं किया। इसके उलट मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने मध्य प्रदेश और हरियाणा के साथ सकारात्मक संवाद कर यमुना जल व रामजल सेतु परियोजना जैसे दशकों पुराने विवादों को सुलझाया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं। जिनमें से 8.33 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक लाख युवाओं को नियुक्तियां दे दी हैं और 5 लाख रोजगार का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। साथ ही, सौर एवं पवन ऊर्जा को बढ़ावा देकर राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश