डबल इंजन सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को दे रही राहत- मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा
जयपुर/अजमेर, 28 फ़रवरी (हि.स.)।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया में अब तक 29 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत होकर विश्व मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है। हाल ही में सम्पन्न हुई एआई समिट में पूरे विश्व ने देखा कि भारत भविष्य के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत अब वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में शनिवार को अजमेर की कायड विश्रामस्थली पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव रहा है। वे जब भी राजस्थान आए हैं हमेशा प्रदेश को विकास की अनेक सौगातें देते हैं। उनके मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री के ‘राजस्थान राइजिंग, रिलाएबल, रिसेप्टिव और रिफाइन’ की अवधारणा को अपना ध्येय मान कर आगे बढ़ रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। गत सरकार के समय हुए पेपरलीक के माफिया अब गिरफ्त में हैं। राज्य सरकार ने युवाओं को 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। अब तक सवा लाख से अधिक नौकरियां दी गई हैं। 1 लाख 33 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 में 1 लाख से अधिक नए पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। इन सभी निर्णयों से युवाओं में हमारी सरकार के प्रति विश्वास बहाली हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमारी सरकार ने भी विकसित राजस्थान 2047 का विजन दस्तावेज जारी किया है। हमारी सरकार ने इस वर्ष के बजट में वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री ने वर्षों से लंबित जल विवादों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना का पानी लाने की परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। वहीं, रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं से 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार प्रवर्तित योजनाओं में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। देश की 11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर, 5 में दूसरे और 7 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कुसुम कॉम्पोनेन्ट ए और सी में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर हैं। पीएम सूर्यघर योजना में भी हमारी सरकार ने 1 लाख 31 हजार रुफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों में औसतन 14 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में भी 10 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि गत 2 वर्षों में अब तक दर्जनभर से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। साथ ही, राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
-तीर्थराज पुष्कर, वीर तेजाजी, देवनारायण भगवान और वरुण अवतार भगवान झूलेलाल के लगवाए जयकारे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली पर आयोजित जनसभा के शुरू में तीर्थराज पुष्कर और माता सावित्री के जयकारे लगवाए। उन्होंने खुद को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि पुष्कर की पावन भूमि पर उन्हें जनता के बीच पहुंचने और जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने मंच से सुरसुरा के तेजाजी धाम को, सम्राट पृथ्वीराज की भूमि अजमेर को प्रणाम किया। इसके बाद जनता से तीर्थराज पुष्कर की जय हो, वीर तेजाजी महाराज की जय हो, भगवान देव नारायण की जय हो, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल जी की जय हो के जयकारे लगवाए।
-संबोधन के अंत में वंदे मातरम के गूंजा पंडाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा को भारत माता की जय के उद्बोधन के साथ शुरू किया और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल होने की याद दिलाते हुए वंदेमातरम् के जनसभा द्वारा जयघोष करवाते हुए संबोधन को विराम दिया। उन्होंने जनता जनार्दन को कहा कि वंदे मातरम के 150 साल देश मना रहा है। वंदे मातरम उनके साथ बोलिए। फिर पूरा सभा स्थल वंदे मातरम् के जयघोष से काफी देर तक गूंजता रहा।
जनसभा में पहुंचे संतों के लिए बनाया था अलग मंच
प्रधानमंत्री की जनसभा में पहुंचने वाले साधू व संतों के लिए अलग से मंच बनाया गया था। प्रधानमंत्री ने मंच से संबोधित करते हुए सभी संतों को प्रणाम किया और उनका आभार दर्शाया कि वे इतनी बड़ी संख्या में उन्हें आशीर्वाद देने जनसभा में उपस्थित हुए।
मोदी के मुख से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम निकलते ही गूंजा शोर
जनसभा में मंच पर उपस्थित प्रदेश के शीर्ष नेताओं का नाम लेकर जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें संबोधित कर रहे थे तभी जैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख से राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम आया तो समूचा पंडाल बहुत तेज ध्वनि के शोर में डूब गया। मोदी के मंच पर राजस्थान के राज्यपाल हरीभाऊ बागड़े , मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा , केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरबा और दीया कुमारी तथा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को स्थान मिला था।
राजस्थान के वीर सपूत मेजर दलपत सिंह के शौर्य को किया याद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए अजमेर को आस्था और शौर्य की धरती बताया। उन्होंने कहा कि यहां तीर्थ भी है और वीरों के पदचिंह भी हैं। मोदी ने बताया कि वे कल ही इजराइल की यात्रा को पूरा कर भारत लौटे हैं। उन्होंने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया कि राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के शौर्य को इजरायल के लोग आज भी याद करते हैं। उन्होंने जनता जनार्दन को बताया कि इजरायल की संसद में मेजर दलपत सिंह के शौर्य को नमन करने का उन्हें सौभाग्य मिला। राजस्थान के वीर सपूत दलपत सिंह को इजराइल के हाइफा शहर को आजाद कराने के शौर्य के लिए आज भी याद किया जाता है।
मोदी को भी मंच से करना पड़ा मौन धारण...गूंजते रहे मोदी मोदी के नारे
जनसभा को संबोधित करते हुए एक समय ऐसा आया जब स्वयं पीएम नरेन्द्र मोदी को भी बहुत देर तक मौन धारण करना पड़ा। मोदी ने मंच से कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए बात ही कुछ ऐसी कही कि पंडाल में जमा हजारों युवा खड़े हो गए और मोदी..मोदी.. के नारे लगाने लगे।
पीएम की वेलकम सैंड आर्ट का रहा आकर्षण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में पुष्कर के ख्यात नाम सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने बेहद मनमोहक पीएम वेलकम सैंड आर्ट बनाई। यह आर्ट पुष्कर पहुंचने वाले हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। लोगों ने यहां खड़े होकर सेल्फी भी ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष