औद्योगिक क्षेत्रों में मिलेंगी खेल सुविधाएं, युवाओं को मिलेगा ‘प्लग एंड प्ले’ उद्योग मॉडल का लाभ

 




जयपुर, 01 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राजस्थान में औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में नई पहल की जा रही है। रीको द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाएं विकसित करने और युवाओं को “प्लग एंड प्ले” आधारित उद्योग सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

रीको की इस विशेष योजना के तहत खेल सुविधाओं और प्लग एंड प्ले परियोजनाओं के लिए भूखंडों का आवंटन किया जा रहा है। इसके लिए ई-बिडिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुल 15 भूखंडों का रेंटल आधार पर आवंटन किया जाएगा, जिनमें 12 भूखंड खेल सुविधाओं और 3 भूखंड प्लग एंड प्ले परियोजनाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।

रीको द्वारा जिन क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के लिए भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं, उनमें जयपुर जिले के सीतापुरा फेज-तृतीय, अपैरल पार्क और बगरू (छितरौली) शामिल हैं। इसके अलावा कोटा के इंद्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र, जोधपुर के बोरानाडा, सिरोही के आबू रोड (अर्बुदा), खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी (कारोली), झुंझुनूं-द्वितीय, अजमेर के किशनगढ़, पाली फेज-4, सवाई माधोपुर के खेरड़ा और सीकर के रींगस विस्तार औद्योगिक क्षेत्र भी इस योजना में शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में खेल सुविधाएं विकसित होने से उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों और युवाओं को बेहतर खेल एवं फिटनेस वातावरण मिल सकेगा।

रीको द्वारा जयपुर जिले के सीतापुरा फेज-तृतीय, जोधपुर के बोरानाडा एग्रो फूड पार्क तथा कोटा के रानपुर एग्रो फूड पार्क में प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं।

इस मॉडल के तहत नए उद्यमियों को पहले से तैयार आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे वे बिना निर्माण संबंधी देरी के तुरंत अपना उद्योग शुरू कर सकेंगे।

रीको के अनुसार इन भूखंडों का कुल क्षेत्रफल करीब 9 एकड़ है। इनसे निगम को प्रतिवर्ष लगभग 2 करोड़ 28 लाख रुपए का किराया प्राप्त होगा। भूखंडों का आवंटन प्रारंभिक रूप से 15 वर्षों के लिए किया जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार 10 वर्षों तक विस्तार की सुविधा भी दी जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित