काजरी में 300 पौधों का रोपण, शुष्क क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प

 


जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार एवं पारिस्थितिकीय संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईसीएआर केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) जोधपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट ने प्रथम पौधा लगाकर किया।

इस अवसर पर निदेशक ने कहा कि शुष्क एवं अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में वृक्ष पर्यावरण संतुलन, मृदा संरक्षण एवं जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है तथा सभी कर्मचारियों से पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। अभियान के दौरान संस्थान परिसर में नीम, अमलतास, कचनार, करंज सहित छायादार, औषधीय एवं शुष्क जलवायु के अनुकूल लगभग 300 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधों की नियमित देखभाल तथा संस्थान परिसर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। यह अभियान शुष्क क्षेत्र में हरित आवरण के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरणीय जागरूकता और संस्थागत सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश