शहर में धूमधाम से मनाई पीपा जयंती, शोभायात्रा निकाली

 


जोधपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। संत शिरोमणि पीपा महाराज का 703वां जयंती महोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर में चल रहे दो दिवसीय पीपा जयंती महोत्सव के तहत संत पीपा महाराज की आकर्षक झांकियांयुक्त शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने शहरवासियों का मन मोह लिया।

श्री समस्त पीपा क्षत्रिय न्याति ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा व सचिव नरेश सोलंकी ने बताया कि 703वीं पीपा जयन्ती आज श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई गई। पीपा जयंती पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रमों के तहत आज शोभायात्रा निकाली गई। सुबह विजय चौक स्थित पीपा महाराज के मन्दिर सहित विद्यानगर, हनुमानजी की भाखरी, मसूरिया तथा चांदपोल स्थित मन्दिरों में भक्तों द्वारा पूजा अर्चना की गई। इसके बाद हवन अनुष्ठान हुआ। यजमान दम्पती द्वारा हवन में आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की गई। विजय चौक से सुबह पीपा महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। विजय चौक स्थित पीपा महाराज के मंदिर में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, नगर निगम उत्तर की पूर्व महापौर कुन्ती परिहार, कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व विधायक मनीषा पंवार आदि ने पूजा अर्चना के बाद केसरिया ध्वज दिखलाकर शोभायात्रा को रवाना किया। इस शोभायात्रा में विद्यानगर, सूरसागर, माता का थान तथा हाउसिंग बोर्ड से आने वाली लघु शोभायात्राएं भी शामिल हुई।

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल थी। इनमें संत पीपा महाराज की जीवनी से संबंधित झांकी के साथ ही भारतीय सनातन संस्कृति से ओतप्रोत झांकियां लोगों का मन मोह रही थी। शोभायात्रा में मातृशक्ति मंगल कलश चल रही थी। मुख्य शोभायात्रा विजय चौक मंदिर से रवाना होकर अजय चौक, उम्मेद चौक, त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट, नई सडक, मोहनपुरा पुलिया होते हुए रातानाडा स्थित न्याति भवन पहुंची। शोभायात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। विसर्जन के बाद रातानाडा स्थित आर्य समाज के भवन में पीपा प्रसादी का आयोजन रखा गया। इसी के साथ दो दिवसीय पीपा जयन्ती महोत्सव का समापन हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश