जयपुर में 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन की बिब एक्सपो का शुभारंभ

 


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। जयपुर में 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 की दो दिवसीय बिब एक्सपो का शुक्रवार को महाराजा कॉलेज मैदान में शुभारंभ हुआ। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाली इस मैराथन में देश-विदेश के 15 हजार से अधिक धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। इस वर्ष दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में आयोजन से जुड़ी हैं।

बिब एक्सपो का उद्घाटन अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के डायरेक्टर (स्पोर्ट्स) कर्नल राकेश यादव, हिंदुस्तान जिंक के हेड (कॉरपोरेट अफेयर्स) डॉ. भरत दवे और फिनोवा कैपिटल के असिस्टेंट एवीपी राहुल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। 27 और 28 नवंबर को आयोजित एक्सपो में पंजीकृत धावकों को अपनी रेस बिब प्राप्त करने के साथ दौड़ से संबंधित आवश्यक जानकारी और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है।

मैराथन का आयोजन एनीबडी कैन रन (एबीसीआर) की ओर से किया जा रहा है, जबकि फिनोवा कैपिटल इसका पावर्ड बाय पार्टनर है। आयोजन की तीन श्रेणियों में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन शामिल हैं। इन श्रेणियों के माध्यम से अलग-अलग आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोगों को दौड़ से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

तीनों दौड़ों की शुरुआत जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल म्यूजियम से होगी। रविवार, 29 नवंबर को सुबह 5:30 बजे 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, सुबह 6:30 बजे 10 किलोमीटर कूल रन और सुबह 6:35 बजे 5 किलोमीटर ड्रीम रन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। यह आयोजन एआईएमएस से प्रमाणित है। इस वर्ष आयोजन का विशेष आकर्षण पी.वी. सिंधु की सहभागिता है। उनकी मौजूदगी से खेल और फिटनेस के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने के साथ आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मैराथन के 11वें संस्करण में वेदांता की सामाजिक पहल #RunForZeroHunger को भी प्रमुखता दी गई है। इस पहल के तहत प्रत्येक किलोमीटर की दौड़ के बदले एक भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। यह अभियान वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के इस संकल्प से प्रेरित है कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के माध्यम से संचालित इस पहल का उद्देश्य खेल और फिटनेस को सामाजिक सरोकारों तथा जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने से जोड़ना है।

उल्लेखनीय है कि जयपुर को एआईएमएस वर्ल्ड कांग्रेस 2028 की मेजबानी के लिए चयनित किया गया है। इससे शहर की अंतरराष्ट्रीय खेल पहचान को बढ़ावा मिलने के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, खेल सुविधाओं और खेल पर्यटन को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

बिब एक्सपो के शुभारंभ के साथ ही जयपुर में 29 नवंबर को होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैराथन के माध्यम से खेल, फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और भूख के खिलाफ सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश