सुंधा माता के दर्शन को पैदल जा रहे श्रद्धालु को पिकअप ट्रोला ने कुचला, मौके पर मौत
जालोर, 18 अगस्त (हि.स.)। सुंधा माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के दल के साथ मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। कोटड़ा और धनपुरा गांव के बीच करीब अलसुबह पीछे से आए तेज रफ्तार पिकअप ट्रोला ने एक श्रद्धालु को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सहायक उप निरीक्षक संग्रामाराम ने बताया कि मृतक की पहचान हितेश कुमार (28) पुत्र नानजीराम चौधरी निवासी रूपावटी कलां के रूप में हुई है। हितेश रानीवाड़ा से सुंधा माता मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के दल में शामिल था। इसी दौरान कोटड़ा और धनपुरा गांव के बीच पीछे से आए पिकअप ट्राला ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भीनमाल के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। सहायक उप निरीक्षक संग्रामाराम ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन को दस्तयाब कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हितेश गांव में खेती का काम करता था। परिजनों के अनुसार उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित