मेजर शैतानसिंह की प्रतिमा तोडऩे के विरोध में बंद रहा फलोदी

 


जोधपुर, 18 नवम्बर (हि.स.)। परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह की आमला गांव में लगी प्रतिमा खंडित करने के विरोध में बुधवार को फलोदी बंद रहा। सर्व समाज और मारवाड़ राजपूत समाज की ओर से बंद का आह्वान किया गया था।

शहर में आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोडक़र दुकानें, शोरूम और अन्य संस्थान बंद रहे। आज मेजर शैतान सिंह का शहीदी दिवस भी था। शहरवासियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद रखी। बंद के दौरान व्यास सर्किल से शहर के मुख्य हिस्से की ओर जाने वाली सडक़, मलार रोड, कचहरी रोड, रेलवे स्टेशन रोड, नई सडक़, नगर परिषद रोड, नागौर रोड, बस स्टैंड रोड, राईका बाग रोड और शहर के अन्य हिस्सों में दुकानें बंद रहीं। मेडिकल स्टोर, दूध-दही और सब्जी की दुकानों को बंद से छूट दी गई। बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी वाहनों से शहर में गश्त करते रहे।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह आमला गांव में लगी प्रतिमा को कुछ लोगों ने खंडित कर दिया था। इसके बाद जिले में विरोध शुरू हुआ। मामले में पुलिस थाने में केस दर्ज है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कई संगठनों ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश