प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 19 जून को विज्ञान भवन दिल्ली में होगा प्रोत्साहन लाभ वितरण समारोह आयोजित

 


जयपुर/कोटा, 16 जून (हि.स.)। भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत पात्र कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं को लाभ प्रदान करने के लिए 19 जून को विज्ञान भवन दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में एक राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा हैं। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा तथा नियोक्ताओं द्वारा नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरण किए जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नियोक्ताओं, कर्मचारियों उद्योग संगठनों और अन्य हित धारकों के साथ संवाद करेंगे।

क्षेत्रीय कार्यालय, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, विज्ञान नगर कोटा के सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II सुधीर बत्रा ने दी। उन्होने पत्रकार वार्ता मे बताया की इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ साथ कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के सभी कार्यालयों द्वारा स्थानीय स्तर पर भी 200 स्थानों पर समान्तर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन देशभर मे रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा को नई दिशा देने वाला एतिहासिक अवसर होगा

उन्होंने बताया की इसी क्रम में क्षेत्रीय कार्यालय, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, कोटा द्वारा पुरुषार्थ भवन, रोड़ नं. 05, गोवरिया वावडी सर्किल ,कोटा में 19 जून, 2026 को साय 4.15 बजे आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम मे राजस्थान के ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर एव लाडपुरा विधायक कल्पना देवी अतिथि के रूप मे भाग लेगे ।

बत्रा ने बताया की प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना का शुभारंभ 15 अगस्त, 2025 को किया गया था। इस योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और सामाजिक सुरक्षा कवरेज को सुदृढ़ करना हैं। उन्होने बताया की योजना के माध्यम से सरकार का लक्ष्य है की हर नागरिक को सम्मान जनक रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिले। यह योजना भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक ठोस कदम हैं। उन्होनें बताया की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत कोटा क्षेत्र के क्षेत्राधिकार में अबतक 1952 प्रतिष्ठान इस योजना में पंजीकृत किए गए है। इसके साथ ही इस योजना के अंतर्गत अभी तक 14567 नए कर्मचारी पंजीकृत हुए है। जिन्हें 15 हजार रुपये तक का लाभ प्राप्त होगा।

उन्होने बताया की कर्मचारी भविष्य निधि संगठन विश्व के सबसे बड़े सामाजिक सुरक्षा संगठनों में से एक हैं। वर्तमान में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के 7.37 करोड़ से अधिक अंशदायी सदस्य हैं तथा 78.49 लाख पेंशनर्स हैं। कोटा क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्राधिकार में आने वाले कोटा, बूंदी, बांरा, करौली, सवाई माधोपुर और झालावाड़ जिले में लगभग 1.33 लाख अंशदायी सदस्य तथा लगभग 2700 अंशदायी आवर्त संस्थान, 32000 के लगभग पेंशनभोगियों को नियमित पेंशन भुगतान किया जा रहा है। उन्होने बताया की संगठन द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि योजना 1952, कर्मचारी जमा संबंध बीमा योजना 1976 एवं कर्मचारी पेंशन योजना 1995 जैसी प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओ का संचालन किया जा रहा हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश