नो टोबैको डे पर स्वास्थ्य के लिए दौड़े लोग

 


जयपुर, 01 जून (हि.स.)। वर्ल्ड नो टोबैको डे के अवसर पर मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर एवं फिनिश लाइन रनर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रन एंड वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करना था।

वॉकथॉन को श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास पिलानिया, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित गुप्ता एवं प्लास्टिक सर्जन डॉ. त्रिवेणी ढाका ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 3 किलोमीटर लंबी यह वॉकथॉन मणिपाल हॉस्पिटल से प्रारंभ होकर विद्याधर नगर क्षेत्र से होते हुए पुनः अस्पताल परिसर में संपन्न हुई, जिसमें चिकित्सकों, स्टाफ, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

चिकित्सकों ने बताया कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों एवं स्ट्रोक का प्रमुख कारण है तथा यह पैसिव स्मोकिंग के माध्यम से दूसरों को भी प्रभावित करता है। मणिपाल हॉस्पिटल के हॉस्पिटल डायरेक्टर रंजन ठाकुर ने कहा कि तंबाकू से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त भारत का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश