पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने की सलाह

 


जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जयपुर में वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी विष्णु बजाज तथा मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार की अध्यक्षता में ‘डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) अभियान 5.0’ के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप मुख्य लेखा अधिकारी केसरी मीना, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी हीना अरोड़ा, सहायक वित्त सलाहकार सुरेश कुमावत, सहायक कार्मिक अधिकारी भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी तथा एसबीआई सीपीपीसी के एजीएम नित्यानंद प्रसाद के साथ पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको बैंक एवं यूनियन बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार बैठक में विष्णु बजाज ने 01 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0’ के सफल संचालन के लिए रेलवे एवं बैंकों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, सभी मंडलों, विभिन्न रेलवे स्टेशनों तथा रेलवे स्वास्थ्य इकाइयों सहित अन्य स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों की जानकारी विभिन्न समाचार पत्रों तथा उत्तर पश्चिम रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट [https://nwr.indianrailways.gov.in](https:// nwr.indianrailways.gov.in) के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी।

बजाज ने अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को समय पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही, बैंक शाखा तक पहुंचने में असमर्थ पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए होम विजिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि उन्हें जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार ने पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पेंशनभोगी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ फोन कॉल पर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र स्वयं अथवा रेलवे द्वारा आयोजित शिविरों या संबंधित बैंक शाखा के माध्यम से ही बनवाएं। पेंशनभोगियों को सलाह दी गई है कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ‘Jeevan Pramaan’ एवं ‘Aadhaar Face RD’ ऐप केवल आधिकारिक Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें, ताकि फर्जी ऐप के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचा जा सके।

उल्लेखनीय है कि उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 01 से 30 नवंबर 2026 तक विभिन्न स्थानों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनभोगी सुविधाजनक तरीके से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को सरल, सुलभ एवं सुरक्षित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा उन्हें जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में सुविधा प्रदान करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव