चिकित्सा विभाग में अब राजहेल्थ पोर्टल से होंगे लंबित पदस्थापन
जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से लंबित पदस्थापन प्रकरणों का अब राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एपीओ, पदोन्नति, कोर्ट के निर्देश से संबंधित, नव चयनित तथा अन्य लंबित पदस्थापन प्रकरणों को निर्धारित एसओपी के अनुसार पारदर्शी, सुव्यवस्थित और आवश्यकता आधारित तरीके से पूरा किया जाए।
मंत्री ने नव चयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के पदस्थापन भी राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नई भर्ती से चयनित कार्मिकों और पदोन्नत कर्मचारियों के साथ विभिन्न कारणों से लंबित पदस्थापन मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
मंत्री खींवसर ने कहा कि चिकित्सकों के पदस्थापन में केवल रिक्त पदों को आधार नहीं बनाया जाए। संबंधित चिकित्सा संस्थान की वास्तविक आवश्यकता, ओपीडी-आईपीडी में मरीजों का भार और चिकित्सक विहीन पीएचसी-सीएचसी की स्थिति को भी ध्यान में रखा जाए।
जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल और सैटेलाइट अस्पतालों में भी मरीजों के भार और संस्थान की जरूरत के अनुरूप चिकित्सकों की उपलब्धता करने के निर्देश दिए गए हैं।
चिकित्सा अधिकारियों और विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदस्थापन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि राजहेल्थ पोर्टल पर उपलब्ध रिक्त पदों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों की आवश्यकता के आधार पर पदस्थापन की पूरी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। विभाग का मानना है कि पोर्टल के माध्यम से पदस्थापन होने से प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और उपलब्ध मानव संसाधन का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
इस व्यवस्था का विशेष लाभ उन चिकित्सा संस्थानों को मिलने की उम्मीद है, जहां चिकित्सकों की कमी है या मरीजों का भार अधिक है। ऐसे संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों की नियुक्ति होने से चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित