पावटा अस्पताल में अग्निकर्म चिकित्सा से उपचार की सुविधा
जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। राजकीय जिला चिकित्सालय पावटा में आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक अभिनव पहल की जा रही है। यहां आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश प्रजापत द्वारा प्राचीन अग्निकर्म चिकित्सा पद्धति के माध्यम से विभिन्न शारीरिक एवं त्वचा संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों को उपचार सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
अग्निकर्म आयुर्वेद की प्राचीन एवं विशिष्ट उपचार विधियों में से एक है, जिसमें नियंत्रित ताप का उपयोग कर रोगी की समस्या के अनुरूप उपचार किया जाता है। चिकित्सालय में इस पद्धति के माध्यम से पैरों में होने वाले दर्दनाक कॉर्न (गोखरू), चयनित प्रकार की सिस्ट एवं गांठों, त्वचा पर होने वाले मस्सों तथा एड़ी के दर्द (प्लांटर फैसिआइटिस) जैसी समस्याओं के उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
डॉ. मुकेश प्रजापत ने बताया कि अग्निकर्म चिकित्सा प्रत्येक रोगी के लिए उपयुक्त नहीं होती। उपचार से पूर्व मरीज की समुचित जांच एवं चिकित्सकीय मूल्यांकन किया जाता है। साथ ही निर्धारित प्रोटोकॉल एवं आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आयुर्वेद की प्राचीन एवं पारंपरिक चिकित्सा विधाओं को वर्तमान स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के साथ समन्वित करते हुए आमजन को उपचार के विविध विकल्प उपलब्ध करवाना तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर चोपड़ा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेद की पारंपरिक एवं उपयोगी चिकित्सा विधाओं को चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं में प्रोत्साहित करना सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार की पहल से उपचार सेवाओं में विविधता आएगी तथा आमजन को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के बारे में अधिक जानकारी मिल सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश