पौष पूर्णिमा पर ठाकुरजी का होगा धवल श्रृंगार और खीर का लगेगा भोग

 


जयपुर, 02 जनवरी (हि.स.)। पौष पूर्णिमा शनिवार को विभिन्न शुभ योग-संयोग में मनाई जाएगी। इस मौके पर ठाकुरजी को धवल पोशाक धारण कराकर सफेद पुष्पों से श्रृंगार किया जाएगा। दूध से बनी खीर का भोग लगाया जाएगा। मुख्य आयोजन आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में होगा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में पंचामृत अभिषेक कर एकदम सफेद गर्म जामा पोशाक धारण कराई जाएगी। मोगरे की सफेद कलियों और चंदन से श्रृंगार किया जाएगा। सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। शाम को पदगायन होगा। चौड़ा रास्ता के राधा दामोदरजी, मदन गोपाल जी, त्रिपोलिया बाजार के विनोदी लाल जी, पुरानी बस्ती के गोपीनाथ जी, रामगंज बाजार के लाड़लीजी, चादंनी चौक के बृज निधि जी सहित अन्य वैष्णव मंदिरों में पौष पूर्णिमा पर विशेष झांकी के दर्शन कराए जाएंगे।

जनता कॉलोनी स्थित गायत्री चेतना केन्द्र पर शनिवार सुबह सात से दस बजे तक सवा लाख गायत्री महामंत्र जप अनुष्ठान होगा। साधक अखंड दीपक के समक्ष बैठकर 5, 11, 21 माला का जप करेंगे। कुछ लोग अपने घर पर ही जप करेंगे। जप के बाद सुबह दस से साढ़े ग्यारह बजे तक गायत्री महायज्ञ होगा। पौष पूर्णिमा पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से 108 स्थानों पर एक ही समय एक साथ गायत्री यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। जूम एप के माध्यम से लोग अपने घर भी यज्ञ करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश