डीसीएस गिरदावरी ऐप और दमनकारी परिपत्र के विरोध में पटवार संघ का तीन दिवसीय आंदोलन

 


अजमेर, 18 अगस्त (हि.स.)। सात सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान पटवार संघ ने मंगलवार से प्रदेशभर में तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया। पीसांगन उपखंड क्षेत्र में पटवारियों ने राजस्व मंडल की ओर से 5 फरवरी 2026 को जारी परिपत्र को दमनकारी बताते हुए उसकी होली जलाई और विरोध प्रदर्शन किया। उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर के फील्ड में व्यस्त होने के कारण तहसीलदार अमित जिंदोलिया को राजस्व मंडल के निबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

संघ का आरोप है कि 15 जुलाई को सरकार ने उनकी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। संघ के अनुसार परिपत्र में गिरदावरी में त्रुटि होने पर पटवारियों को सीधे जिम्मेदार ठहराकर कार्रवाई का प्रावधान किया गया है, जबकि डेटा संशोधन का अधिकार उच्च अधिकारियों के पास है।

पटवारियों ने डीसीएस गिरदावरी ऐप की तकनीकी समस्याओं के समाधान, पटवारी पद का ग्रेड पे 3600 करने, पदोन्नति व कैडर पुनर्गठन, भत्तों में वृद्धि, लंबित पदोन्नति, स्पष्ट स्थानांतरण नीति तथा पटवार मुख्यालयों पर भवन, लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट, फर्नीचर और पूर्णकालिक सहायक उपलब्ध कराने की मांग की।

आंदोलन के तहत 20 अगस्त को उपखंड कार्यालयों का घेराव और 21 अगस्त को जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 24 अगस्त के बाद राजस्व मंडल का घेराव और विधानसभा कूच किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष पोलूराम, उपशाखा अध्यक्ष देवराज, महामंत्री मुकेश यादव, कोषाध्यक्ष मुकेश चौधरी और संयुक्त मंत्री अंकित कुमार शर्मा सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष