जोधपुर की असली ताकत है सदियों पुरानी ‘हथाई’: पासवान

 


जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। अपने कार्यकाल के अंतिम कार्य दिवस पर रात को पूर्व पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान शहर के भीतरी क्षेत्र स्थित गूंदी मोहल्ला, नवचौकिया पहुंचे, जहां शहर की परंपरा, संस्कृति और अपनत्व की अनोखी झलक देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

होली के पावन पर्व पर शहर की पुरानी परंपरा अनुसार होली पर एक आयोजन होता है। उसमें पूर्व पुलिस कमिश्नर कार्यक्रम में पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पूर्व पुलिस कमिश्नर द्वारा किए गए नवाचारों की भी खुलकर सराहना की। बीते दिनों में भीतर शहर के लिए शुरू की गई विभिन्न पहलों को लेकर आमजन में सकारात्मक चर्चा रही। उन्होंने कहा कि भीतरी शहर के माहौल से उन्होंने एक विशेष सीख और अनुभव प्राप्त किया है।

यहां का अपनत्व लोगों को एक-दूसरे से जोड़े रखता है और यही इस शहर की सबसे बड़ी ताकत है। होली के अवसर पर विशेष फाग के श्लील गायन का आयोजन भी हुआ, जिसमें लागे तू फूटरी जैसे पारंपरिक गीतों की मधुर प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। पूर्व पुलिस कमिश्रर ने स्वयं भी इस लोक परंपरा का आनंद लिया और कहा कि रात के बारह बज चुके हैं, लेकिन यहां की ऊर्जा और उत्साह देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि इतनी देर हो गई है। यह अपने और अपनों के अपनत्व का शहर है। पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि पहले भी हथाई पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन आज का यह पल मेरे लिए बेहद भावुक और खास है। इसके पीछे जो सोच है, उससे मैं बहुत ज्यादा प्रभावित हूं। आज के दौर में अगर ‘हथाई’ को समझना हो तो इसे इंटरनेट की तरह समझिए यह लोगों को जोड़ती है, भाईचारा कायम रखती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश