सीबीएसई अजमेर रीजन में 10वीं का परीक्षा परिणाम 94.78 प्रतिशत रहा

 


अजमेर, 15 अप्रेल(हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अजमेर रीजन में 10 वीं का परीक्षा परिणाम 94.78 प्रतिशत रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार परीक्षा परिणाम कम रहा। पिछले साल परीक्षा परिणाम 95.44 प्रतिशत रहा था।

अजमेर स्थित सीबीएसई बोर्ड के रीजनल आफिसर श्याम कपूर ने बताया कि पूरे देश में अजमेर रीजन 10वें स्थान पर रहा। देश भर में इस साल सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षा में 25 लाख विद्यार्थी सेशन —1 परीक्षा में शामिल हुए थे। यह पहला मौका रहा जब बोर्ड ने 10वीं का परीक्षा परिणाम अप्रेल माह में जारी किया। यह बात भी उल्लेखनीय है कि इस साल सीबीएसई ने 10वीं की परीक्षा नए टू बोर्ड सिस्टम के तहत आयोजित की थी। पहला बोर्ड एग्जाम अनिवार्य 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक हुआ था। वहीं दूसरा बोर्ड एग्जाम वैकल्पिक 15 मई से 1 जून 2026 तक होगा। 10 वीं बोर्ड एग्जाम 2 उन स्टूडेंट्स के लिए है जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते है। इसमें अधिकतम 3 विषयों में सुधार का मौका मिलेगा।

उधर, बोर्ड के सूत्रों के अनुसार 12वीं परीक्षा का परिणाम घोषित करने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। अगले हफ्ते-दस दिन में 12 बोर्ड का परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष