लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण : मदन राठौड़

 


जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के अवसर पर प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान अधिकार के साथ लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है, इसलिए मतदाता बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

राठौड़ ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर भविष्य के लिए मतदाता सोच-समझकर सही प्रत्याशी का चयन करें।

उन्होंने कहा कि ‘पहले मतदान, फिर कोई दूसरा काम’ की भावना के साथ प्रत्येक मतदाता मतदान केन्द्र पहुंचे। राठौड़ ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सबका साथ, सबका विकास और सबका कल्याण की नीति पर कार्य करने वाले प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रथम चरण में राजस्थान की जनता बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश