जयपुर रेलवे स्टेशन से 5 व 6 नवंबर को जावक पार्सल एवं लीज बुकिंग रहेगी बंद

 


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)।

दीपावली त्योहार के दौरान जयपुर रेलवे स्टेशन पर संभावित अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है। इसके तहत जयपुर रेलवे स्टेशन से 5 एवं 6 नवंबर को जावक पार्सल तथा लीज पार्सल की बुकिंग बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं स्टेशन परिसर में सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल द्वारा यह विशेष व्यवस्था की गई है।

रेलवे द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान अपने साथ निर्धारित सीमा के अनुसार ही सामान लेकर चलें,ताकि अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यात्रियों के लिए सामान ले जाने की निर्धारित सीमा

रेलवे नियमों के अनुसार प्रत्येक यात्री अपने साथ 40 किलोग्राम तक सामान बिना अतिरिक्त बुकिंग के ले जा सकता है। निर्धारित निःशुल्क सीमा से अधिक सामान ले जाने के इच्छुक यात्री रेलवे के पार्सल या लगेज कार्यालय में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अतिरिक्त सामान की लगेज बुकिंग करवा सकते हैं। लगेज के रूप में बुक करवाए गए निर्धारित अनुमत वजन के सामान को यात्री अपने साथ यात्री कोच में ले जा सकेंगे।

बिना बुकिंग अतिरिक्त सामान ले जाने पर जुर्माना

यात्रियों को विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए कि निर्धारित सीमा से अधिक सामान बिना बुकिंग कराए ट्रेन में ले जाने पर रेलवे नियमानुसार निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त जुर्माना भी वसूल किया जा सकता है।

रेलवे द्वारा यात्रियों से यह भी अपील की गई है कि वे अपने सामान में कोई भी ऐसा प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान न रखें, जिससे सहयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रभावित हो। साथ ही, यात्रा के दौरान सामान को इस प्रकार रखें कि अन्य यात्रियों के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

जयपुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे रेलवे द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें और त्योहार के दौरान सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश